संवाददाता-लोकेश तिवारी
भीलवाड़ा, भारतीय जनता पार्टी के संकल्प से सिद्धि तक अभियान के अंतर्गत केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भाजपा जिला कार्यालय पर प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल विभाग मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की। प्रदर्शनी के उद्घाटन के बाद जलदाय मंत्री ने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और संकल्प से सिद्धि तक अभियान को ऐतिहासिक सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मंत्री चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अद्भुत यात्रा को भारत के लिए प्रगति और गौरव के कल्याणकारी वर्ष बताए और कहा कि मोदी के मजबूत संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और जन-केंद्रित दृष्टिकोण ने भारत की तस्वीर बदलने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत न केवल एक उभरती हुई शक्ति बन रहा है, बल्कि दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। पीएम मोदी ने न केवल भारत को एक नई दिशा दी, बल्कि इसे वैश्विक मंच पर एक सम्मानजनक और शक्तिशाली पहचान भी दिलाई। उनके नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को पुन: स्थापित किया है। आज भारत देश न केवल अपनी सीमाओं को सुरक्षित रखता है, बल्कि वैश्विक शांति और सहयोग के लिए भी काम करता है। पीएम मोदी ने 11वर्षों में राष्ट्र के समावेशी विकास को लेकर गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति पर ध्यान केंद्रित किया सौगात मिली। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, विधायक उदयलाल भडाना, गोपीचंद मीणा, महापौर राकेश पाठक, संकल्प से सिद्धि तक अभियान के जिला सह संयोजक अविनाश जीनगर, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया उपस्थित रहे।